Advertisement Carousel

बस से 18.59 किलो चांदी के पायल जब्त, दस्तावेज नहीं दिखाने पर पुलिस ने की कार्रवाई


महासमुंद। जिले के सिंघोड़ा थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर चेकिंग के दौरान एक यात्री बस से बड़ी मात्रा में चांदी के पायल जब्त किए हैं। पुलिस ने यात्री के बैग से 18.590 किलो वजनी 600 नग चांदी के पायल बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 46 लाख 68 हजार 90 रुपये बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, सिंघोड़ा पुलिस ने रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच के दौरान श्री श्याम बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान बस में सफर कर रहे यात्री राज किशोर शर्मा निवासी कटक (ओडिशा) के बैग की जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में चांदी के पायल मिले।


पुलिस ने यात्री को बीएनएसएस की धारा 94 के तहत नोटिस जारी कर चांदी से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत चांदी के पायल को जब्त कर लिया।


पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी है। पूरा मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है और आगे की जांच जारी है।

error: Content is protected !!