रायपुर: पुलिस कमिश्नरेट रायपुर में अप्रैल माह के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान से नवाजा गया। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम जोन के चयनित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान मादक पदार्थ (हीरोइन) के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए निरीक्षक एस.एन. सिंह (तत्कालीन थाना कबीर नगर, वर्तमान थाना पंडरी), एएसआई घनश्याम साहू तथा आरक्षक आलोप राठौर, मोसिन खान और दीपक सिंह (कबीर नगर) को सम्मानित किया गया। वहीं साइबर अपराधों के प्रभावी निराकरण के लिए आरक्षक आशीष शुक्ला (आमानाका) को सम्मान मिला।
इसके अलावा एनसीसीआरसी पोर्टल में उत्कृष्ट कार्य और समग्र योगदान के लिए आरक्षक दिनेश पुराणिक (डीडी नगर), साइबर अपराधियों का पता लगाने में विशेष भूमिका के लिए एएसआई जे.एल. पारकर (पुरानी बस्ती), लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए आरक्षक डागेश्वर गायकवाड (एसीपी कार्यालय पुरानी बस्ती) तथा वारंट तामिली में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक नंदकिशोर अग्रहरि (टिकरापारा) को सम्मानित किया गया।
कमल विहार पुलिस सहायता केंद्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आरक्षक भारतेंद्र साहू तथा न्यायालयीन कार्यों के सुव्यवस्थित निष्पादन के लिए प्रधान आरक्षक कुलदीप पाठक (एसीपी कार्यालय आजाद चौक) को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट सेवा देने के लिए प्रेरित किया।
