Advertisement Carousel

दिल्ली में नाइजीरियन ड्रग्स सिंडिकेट पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क ध्वस्त



बीपी मशीन में छिपाकर भेजी जा रही थी कोकीन, 2 आरोपी गिरफ्तार – 6 महीने में 2 करोड़ के ट्रांजेक्शन का खुलासा


रायपुर, 02 मई 2026।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली में दबिश देकर नाइजीरियन नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम देते हुए एक नाइजीरियन नागरिक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 9.70 लाख रुपये नगद, 5 मोबाइल फोन और 3 चेकबुक जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है।


दरअसल, 19 मार्च 2026 को रायपुर के देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में नारायणा हॉस्पिटल के पास पुलिस ने एक आरोपी को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के दौरान यह सामने आया कि आरोपी को मादक पदार्थ की आपूर्ति एक अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के माध्यम से की जा रही थी, जिसका संचालन नाइजीरिया से हो रहा है और दिल्ली में इसके सदस्य सक्रिय हैं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को दिल्ली रवाना किया गया। टीम ने तिलक नगर इलाके में दबिश देकर सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि विदेशी आरोपी पहले भी वीजा उल्लंघन के मामले में जेल जा चुका है।


पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे कोकीन को बीपी मशीन के डिब्बे में छिपाकर कोरियर के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में सप्लाई करते थे। गिरोह का सरगना नाइजीरिया में बैठकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा ने अपने बैंक खाते को कमीशन के बदले ड्रग्स मनी के लेन-देन के लिए उपलब्ध कराया था। पुलिस को पिछले 6 महीनों में करीब 2 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है, जबकि खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जांच जारी है।


पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई में एंड-टू-एंड ऑपरेशन चलाकर पूरे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


रायपुर पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक नारकोटिक एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब 2.48 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनमें गांजा, एमडीएमए, कोकीन, टेबलेट और अन्य ड्रग्स शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!