Advertisement Carousel

इंश्योरेंस में पैसा दोगुना करने का झांसा, 63 लाख की ठगी; आरोपी गिरफ्तार

रायपुर:
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में इंश्योरेंस के नाम पर 63 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मयूर बारमेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले एक निजी इंश्योरेंस कंपनी में सेल्स मैनेजर रह चुका है और इसी अनुभव का फायदा उठाकर उसने ठगी की साजिश रची।


पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अमन अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसे इंश्योरेंस में पैसा दोगुना करने का लालच दिया। शुरुआत में आरोपी ने कुछ रकम सही तरीके से पॉलिसी में जमा कराकर भरोसा जीता, लेकिन बाद में अलग-अलग तिथियों में चेक के माध्यम से बड़ी रकम लेकर उसका दुरुपयोग किया। आरोपी ने पीड़ित के चेक अन्य लोगों के नाम पर जमा कराए और फर्जी बॉन्ड पेपर देकर उसे गुमराह करता रहा।


जांच के दौरान खमतराई थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के “चाय गोविन्दन प्रतिष्ठान” पर दबिश दी और हुलिया चिन्हांकित कर उसे दुकान से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ठगी की रकम का उपयोग स्वयं के खर्चों के साथ-साथ परिजनों के नाम पर शेयर मार्केट से जुड़ी इंश्योरेंस पॉलिसियों में निवेश के लिए किया।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 409 और 420 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और आरोपी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!