Advertisement Carousel

स्कूटी पर निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, लोरमी में विकास कार्यों का किया औचक निरीक्षण


लोरमी/रायपुर, 2 मई 2026।
उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव शनिवार को लोरमी नगर के दौरे पर अलग अंदाज में नजर आए। वे स्कूटी पर सवार होकर शहर की गलियों में पहुंचे और विभिन्न विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।


डिप्टी सीएम ने रानीगांव क्षेत्र में गार्डन, तालाब और मुक्तिधाम निर्माण कार्यों का जायजा लिया। साथ ही प्रवेश द्वार, नाली निर्माण और मनियारी नदी पर बन रहे पुल की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को समय पर सुविधाएं मिलनी चाहिए।


नगर भ्रमण के दौरान श्री साव बस स्टैंड स्थित जिम पहुंचे, जहां उन्होंने युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके अलावा स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी। उन्होंने नालंदा परिसर (आधुनिक लाइब्रेरी) के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया।


इस दौरान डिप्टी सीएम आम लोगों के बीच सहज रूप से घुलते-मिलते नजर आए। उन्होंने बच्चों और महिलाओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। ब्राह्मण पारा में उन्होंने जादूगर का प्रदर्शन भी देखा और लोगों के साथ समय बिताया।


भ्रमण के बाद श्री साव ने अपने विधायक कार्यालय में स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर विकास कार्यों पर चर्चा की और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं, राम्हेपुर स्थित शिव मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विकास ही जनता के विश्वास को मजबूत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!