Advertisement Carousel

मध्यप्रदेश में पुलिस महकमे की बड़ी सर्जरी: 62 IPS अफसरों के तबादले, 19 जिलों के SP बदले


बैंक डकैती और हवाला कांड के बाद सख्त कार्रवाई, देर रात गृह विभाग ने जारी किए आदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने देर रात पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस व्यापक बदलाव में 19 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को भी बदल दिया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में एडीजी, डीआईजी, एसपी और डीसीपी स्तर तक बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं।


यह फेरबदल हाल के कुछ चर्चित मामलों के बाद सख्त प्रशासनिक कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। सिंगरौली में हुए बैंक डकैती कांड के बाद वहां के एसपी मनीष खत्री को हटा दिया गया है, जबकि सिवनी में हवाला कांड के चलते एसपी को पद से हटाया गया।


राज्य के जिन प्रमुख जिलों में एसपी बदले गए हैं, उनमें भिंड, शिवपुरी, रीवा, सागर, मुरैना, छतरपुर, खंडवा, झाबुआ, नीमच, पांढुर्णा, आगर मालवा, अनूपपुर, मऊगंज, मंडला, दतिया, सीहोर, सिंगरौली, दमोह और सिवनी शामिल हैं।


इसके अलावा भोपाल और इंदौर देहात के एसपी भी बदले गए हैं। ग्वालियर, नर्मदापुरम और शहडोल रेंज में भी बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर नई पदस्थापना की गई है।


सरकार के इस फैसले को पुलिस व्यवस्था में कसावट लाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में इस व्यापक तबादले को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!