रायपुर। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव परिणामों से ठीक पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए सियासी माहौल गरमा दिया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पार्टी परिणामों को लेकर बेहद आशान्वित है और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
साय ने भरोसे के साथ कहा कि “कल आने वाले नतीजे भाजपा के पक्ष में ऐतिहासिक साबित होंगे। बंगाल और असम में पूर्ण बहुमत की सरकार बनना तय है।” उन्होंने अन्य राज्यों में भी एनडीए की मजबूत स्थिति का दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है, जिसका सीधा लाभ गठबंधन को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने केरल का दौरा किया, जहां भी लोगों में केंद्र सरकार की योजनाओं और नेतृत्व के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला। उन्होंने छत्तीसगढ़ से अन्य राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए गए पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।
बंगाल में ‘परिवर्तन की लहर’ का दावा
पश्चिम बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य पर टिप्पणी करते हुए साय ने कहा कि राज्य में जनता ममता बनर्जी सरकार और तृणमूल कांग्रेस के कामकाज से असंतुष्ट है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में इस बार “परिवर्तन की लहर” चल रही है और जनता का जनसैलाब भाजपा के पक्ष में उमड़ रहा है।
चुनाव परिणामों से पहले आए इस बयान ने सियासी सरगर्मी तेज कर दी है और अब सबकी नजरें कल आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।
