रायपुर समेत दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर में ताबड़तोड़ कार्रवाई, नकदी- सोना और डिजिटल साक्ष्य बरामद
रायपुर।
आबकारी घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर जिलों में 13 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। यह कार्रवाई शराब कारोबारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और उनसे जुड़ी कॉर्पोरेट संस्थाओं के खिलाफ की गई।
ईडी की टीम ने छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं, जो जांच में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।
कार्रवाई के दौरान 53 लाख रुपये नकद, 3.234 किलोग्राम सोना और बुलियन बरामद हुआ है। जब्त सोने और गहनों की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एजेंसी के अनुसार, सभी ठिकानों से कुल मिलाकर लगभग 5.39 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
ईडी ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि यह कार्रवाई आबकारी घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अवैध संपत्ति के स्रोतों की जांच के तहत की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
