Advertisement Carousel

एक ही परिवार के 4 लोगों की धारदार हथियार से हत्या, गांव में फैली सनसनी

Business concept.

जांजगीर-चांपा में दिल दहला देने वाली वारदात

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भंवतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने देर रात घर में घुसकर टांगी जैसे धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें चारों की मौके पर ही मौत हो गई।


मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप (70 वर्ष), उनकी पत्नी कांति बाई (65 वर्ष), नातिन मोगरा (25 वर्ष) और नाती पीतांबर (17 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार नए मकान निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ था।


घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह निर्माण कार्य के लिए पहुंचे मिस्त्री ने घर में चारों को खाट पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल सरपंच के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है।


जानकारी के अनुसार मृतक मेदनी प्रसाद कश्यप के एक बेटे की भी करीब 16-17 वर्ष पहले हत्या हो चुकी थी। ऐसे में पुलिस पुराने विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!