Government Medical College Korba में डॉक्टरों की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल महिला के पैर का ऑपरेशन करने के बाद डॉक्टर रॉड में जरूरी स्क्रू लगाना भूल गए। मामले का खुलासा ऑपरेशन के दो दिन बाद हुए एक्सरे में हुआ, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार छुरी निवासी भूरी मरकाम सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थी। हादसे में उसके पैर की हड्डी टूट गई थी। उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर पैर में रॉड डाली। परिजनों के मुताबिक ऑपरेशन के बाद महिला को लगातार दर्द की शिकायत बनी रही। इसके बाद डॉक्टरों ने दो दिन बाद एक्सरे कराया।
एक्सरे रिपोर्ट में सामने आया कि पैर में डाली गई रॉड के ऊपरी हिस्से में स्क्रू लगाया गया है, लेकिन निचले हिस्से में स्क्रू नहीं लगाया गया। इससे ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि महिला का दोबारा ऑपरेशन कर स्क्रू लगाया जाएगा। वहीं मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमएस डॉ. गोपाल कंवर ने इसे लापरवाही मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि मरीज की स्थिति के अनुसार आगे की प्रक्रिया की जा रही है।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
