दुर्ग, प्रतिनिधि। दुर्ग जिले के ग्राम कुथरेल में पुलिस ने गुरुवार को बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए वाशिंग पाउडर फैक्ट्री की आड़ में संचालित अवैध गुटखा निर्माण और कारोबार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार गुटखा, कच्चा माल और निर्माण में उपयोग की जाने वाली मशीनें जब्त की हैं।
पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध गुटखा निर्माण और सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम कुथरेल स्थित परिसर में दबिश दी, जहां एक साथ संचालित दो अवैध यूनिटों का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि वाशिंग पाउडर फैक्ट्री की आड़ में गुटखा तैयार कर उसकी पैकिंग और सप्लाई का काम किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान मौके पर भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार गुटखा, पैकिंग सामग्री और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गईं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अवैध कारोबार के बड़े नेटवर्क और संगठित सप्लाई चेन के संकेत मिले हैं। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गुटखे का निर्माण किस ब्रांड के नाम पर किया जा रहा था तथा इसकी सप्लाई किन-किन जिलों और राज्यों तक हो रही थी।
पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
