Advertisement Carousel

योग दिवस कार्यक्रम में पोस्टर विवाद, फोटो नहीं होने पर नाराज हुए साजा विधायक ईश्वर साहू


बेमेतरा, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेमेतरा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब साजा विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए पोस्टर में अपना फोटो नहीं होने पर नाराज हो गए। नाराज विधायक कुछ समय के लिए कार्यक्रम छोड़कर जाने लगे, जिससे मौके पर मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच हलचल मच गई।


कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित जिले के कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। बताया गया कि कार्यक्रम के लिए लगाए गए पोस्टरों में बेमेतरा और नवागढ़ क्षेत्र से जुड़े जनप्रतिनिधियों के फोटो शामिल किए गए थे, लेकिन साजा विधायक ईश्वर साहू का फोटो नहीं लगाया गया था। इसी बात को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विधायक ने इसे गंभीर चूक बताते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की और मामले की शिकायत पार्टी हाईकमान तक करने की बात कही। उन्होंने इसे महज भूल नहीं बल्कि साजिश करार दिया। कार्यक्रम के दौरान कुछ समय के लिए वे मंच से उठकर चले गए, हालांकि बाद में अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद वे वापस लौटे और योग कार्यक्रम में शामिल हुए।


घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सवाल उठ रहे हैं कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित होने के बावजूद प्रचार सामग्री तैयार करते समय साजा विधायक की तस्वीर कैसे छूट गई। वहीं जिला प्रशासन मामले को संभालने और विवाद को शांत करने में जुटा रहा।


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जैसे महत्वपूर्ण सरकारी आयोजन में हुई इस चूक ने प्रशासनिक समन्वय, प्रोटोकॉल पालन और जनप्रतिनिधियों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!