किरायेदार सत्यापन अभियान में पकड़ा गया युवक, विदेशी नंबरों से संपर्क और संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप
जांजगीर-चांपा। जिले की अकलतरा पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क और ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में था। मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर प्रकरण मानते हुए पुलिस एवं अन्य एजेंसियां इसकी गहन जांच कर रही हैं।
गिरफ्तार युवक की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष) निवासी तरन तारण, पंजाब के रूप में हुई है। वह अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। सत्यापन के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने पूछताछ की और मोबाइल फोन की जांच की।
पुलिस के अनुसार मोबाइल में पाकिस्तान, सऊदी अरब समेत अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क, व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने के संकेत मिले हैं।
जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी द्वारा छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थलों, वाहनों के नंबर और फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा किए जाने के प्रमाण मिले हैं। मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था या नहीं। जांच में यह आशंका भी जताई गई है कि उसे ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना थी और बाद में टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा सकता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन तथ्यों की अंतिम पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट और विस्तृत विवेचना के बाद ही होगी।
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि असामाजिक और देशविरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 एवं 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के विदेशी संपर्कों, डिजिटल साक्ष्यों और संभावित सहयोगियों की पहचान में जुटी हुई हैं। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
