मिट्टी अनलोडिंग के दौरान हुआ हादसा, SECL की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
कोरबा। एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शामिल SECL की कुसमुंडा परियोजना में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। शनिवार देर रात खोडरी फेस में मिट्टी अनलोडिंग के दौरान एक डंपर अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खदान में जा गिरा, जिससे डंपर ऑपरेटर सत्यनारायण यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभागीय कर्मी सत्यनारायण यादव शनिवार रात लगभग 1 बजे डंपर से मिट्टी अनलोड कर रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक पीछे की ओर फिसल गया और गहरी खदान में गिर पड़ा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि ऑपरेटर डंपर लेकर खदान के भीतर नियमित कार्य कर रहा था, तभी वाहन अनियंत्रित होकर खदान में गिर गया। घटना के बाद खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
गौरतलब है कि कुसमुंडा खदान में हाल के दिनों में लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। बीते दिनों ट्रेलर की चपेट में आने से एक चालक की मौत हुई थी, वहीं अब डंपर दुर्घटना ने SECL प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों का कहना है कि बरसात पूर्व अधिकतम कोयला उत्पादन के दबाव में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है।
फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है और प्रबंधन की ओर से घटना के कारणों का पता लगाने की बात कही जा रही है।
