रायपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 12.79 लाख रुपये का गांजा, कार, मोबाइल और अन्य सामान पहले ही हो चुका है जब्त
रायपुर। रायपुर पुलिस ने नारकोटिक एक्ट के एक बड़े मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिवम सोनी और महिला आरोपी काजल साहू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी 8 मई 2026 को भाठागांव-खुड़मुड़ा रोड पर की गई नाकेबंदी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया था, जिसमें अवैध रूप से गांजा परिवहन किया जा रहा था। पुलिस को देखकर वाहन चालक और उसका साथी कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले थे।
तलाशी के दौरान कार से 21.173 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, दस्तावेज और पांच लीटर डीजल बरामद किया गया था। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 12.79 लाख रुपये आंकी गई थी। इस संबंध में थाना पुरानी बस्ती में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
लगातार तकनीकी विश्लेषण और पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी शिवम सोनी (24) और काजल साहू (28) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शिवम सोनी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में वांछित था। फरवरी 2026 में न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 20.300 किलोग्राम गांजा बरामदगी के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
