रायपुर-धमतरी रेल लाइन को विशाखापट्टनम तक जोड़ने और नई वंदे भारत ट्रेनों की मांग
रायपुर/नई दिल्ली, 22 जून। रेलवे आधुनिकीकरण को लेकर नई दिल्ली में आयोजित एस्टीमेट कमेटी की बैठक में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। रेल मंत्रालय के अधिकारियों के समक्ष उन्होंने राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि और अधोसंरचना के आधुनिकीकरण संबंधी सुझाव दिए।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद लंबे समय से लंबित रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए। उनके अनुसार यह परियोजना बस्तर क्षेत्र के विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी।
बैठक में उन्होंने दुर्ग-पुरी तथा रायपुर-अंबिकापुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग की। साथ ही बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने रायपुर-धमतरी रेल लाइन को कांकेर, कोंडागांव और जगदलपुर होते हुए विशाखापट्टनम तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा।
अग्रवाल ने रेलवे भूमि पर वर्षों से निवास कर रहे जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने तथा उनके पुनर्वास के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का सुझाव दिया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और रायपुर स्थित वैगन रिपेयरिंग वर्कशॉप को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने नई रेल लाइनों पर माल परिवहन के साथ यात्री परिवहन को भी समान प्राथमिकता देने की मांग की। इसके अलावा कोरोना काल से पहले तिल्दा, भाटापारा सहित अन्य स्टेशनों पर जिन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव था, उन्हें पुनः बहाल करने का आग्रह किया।
सांसद ने रायपुर शहर के विस्तार को देखते हुए रेलवे की भूमि से सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार को आवश्यक अनुमति देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूआरएस और आरवीएच कॉलोनी क्षेत्र में सड़क निर्माण से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
बैठक में उठाए गए इन सुझावों को छत्तीसगढ़ में बेहतर रेल संपर्क, यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक रेलवे अधोसंरचना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
