अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत 3 जुलाई तक आवेदन, निजी आवासीय विद्यालयों में मिलेगी निःशुल्क शिक्षा
रायपुर, 23 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल कर रही है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रतिभाशाली बच्चों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययन की सुविधा दी जाएगी। विद्यार्थियों की शैक्षणिक फीस, छात्रावास, भोजन, गणवेश, लेखन सामग्री सहित अन्य आवश्यक खर्चों का पूरा वहन मंडल द्वारा किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है। इस योजना से श्रमिक परिवारों को बच्चों की शिक्षा के आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी और मेधावी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट वातावरण में पढ़ाई का अवसर प्राप्त होगा।
राज्य सरकार का मानना है कि समाज के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। इसी सोच के अनुरूप विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कमजोर और श्रमिक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना भी इसी दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है।
योजना का लाभ लेने के लिए पात्र एवं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को श्रम विभाग के पोर्टल www.shramevjayate.cg.gov.in� पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया 22 जून से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की सुविधा श्रम विभाग के पोर्टल, निकटतम श्रम कार्यालय, लोक सेवा केंद्र तथा श्रमेव जयते एप के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। इससे अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सकेगा।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को न केवल बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराएगी, बल्कि उन्हें भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने के लिए सक्षम भी बनाएगी। शिक्षा के माध्यम से सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का यह प्रयास हजारों श्रमिक परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।
