रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस दौरान वर्ष 2025 के आवास मेले में आवास बुक कराने वाले हितग्राहियों के लिए आयोजित लकी ड्रा के विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित विभिन्न पुरस्कार वितरित किए गए। नए लोगो के डिजाइनर अंशुल कश्यप को ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक भी सौंपा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक आवास निर्माण तक सीमित रहा मंडल अब अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाएगा, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने 7,388 से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय कर 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जो उसकी कार्यक्षमता और आर्थिक मजबूती को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई थी। वर्तमान में प्रदेश में साढ़े दस लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं तथा प्रतिदिन करीब 1,600 नए आवास तैयार हो रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी विशेष आवास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु ऐप, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 65 हजार से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में सारंगढ़ की पूजा बरेठ को लकी ड्रा में प्रथम पुरस्कार स्वरूप कार प्रदान की गई। अन्य विजेताओं को स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए।

