चेहरा ढंककर पहुंचे बाइक सवार बदमाश, नाम लेकर बाहर बुलाया और ताबड़तोड़ फायरिंग; पुलिस ने गठित की दो विशेष टीमें
सक्ती। सक्ती जिले के जोंगरा गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अज्ञात बाइक सवार दो बदमाशों ने घर पहुंचकर 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जोंगरा निवासी पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से एक निजी कंपनी में हेल्थ प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग एवं सेल्स का कार्य कर रही थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से उसके घर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे सफेद गमछे से ढंक रखे थे। एक आरोपी घर के भीतर पहुंचा और परिजनों से पूर्णिमा के बारे में पूछताछ की। जैसे ही पूर्णिमा बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे तो पूर्णिमा खून से लथपथ पड़ी थी। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतका की मां चमेली बाई चौहान ने बताया कि एक युवक दवा लेने के बहाने घर आया था और उनकी बेटी को बाहर बुलाया। बाहर आने पर पूर्णिमा ने उससे पूछा, “भैया, आप कहां से आए हैं?” तभी आरोपी ने अचानक गोली चला दी। पहली गोली सिर में लगी और जमीन पर गिरते ही उसकी छाती में दो और गोलियां मार दीं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सक्ती पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका है कि वारदात को किसी परिचित व्यक्ति ने अंजाम दिया हो, क्योंकि आरोपी सीधे घर पहुंचे और नाम लेकर युवती को बाहर बुलाया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर दो विशेष टीमों को रवाना किया गया है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन घर पहुंचकर की गई इस वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
