महासमुंद पुलिस ने 7 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त 9 क्विंटल 98 किलो गांजा किया नष्ट
महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक कीमत का जब्त गांजा नष्ट किया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई।
पुलिस के अनुसार कोमाखान, बसना और सांकरा थाना क्षेत्रों में दर्ज सात एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त कुल 9 क्विंटल 98 किलो 70 ग्राम अवैध गांजा का विधिवत नष्टीकरण किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 5 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
यह कार्रवाई बेलसोंडा स्थित बालाजी प्लांट में पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ जिले में लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नशे के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
