देवकीनंदन ठाकुर के श्रीमुख से होगा कथा वाचन, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना
रायपुर। राजधानी रायपुर में आगामी 8 जुलाई से 14 जुलाई तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के तत्वावधान में बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस धार्मिक महाआयोजन में देश के प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और शहरभर में धार्मिक उत्साह का माहौल है।
प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री एवं प्रवक्ता राजकुमार राठी तथा प्रदेश महामंत्री शिवरतन गुप्ता ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताया कि कथा का शुभारंभ 8 जुलाई की सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा से होगा। यह यात्रा पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर से प्रारंभ होकर सदरनी चौक, बूढ़ापारा होते हुए इंडोर स्टेडियम पहुंचेगी।
आयोजकों के अनुसार, कलश यात्रा में करीब 5 हजार महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी। यात्रा में राजस्थानी लोक नृत्य, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े और राधा-कृष्ण की आकर्षक जीवंत झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।
आयोजन समिति का दावा है कि कथा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
प्रदेश महामंत्री राजकुमार राठी ने बताया कि कथा स्थल पर प्रवेश से पहले प्रत्येक श्रद्धालु का तिलक कर स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना तिलक लगाए किसी भी श्रद्धालु को कथा पंडाल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिससे आयोजन की धार्मिक गरिमा और अनुशासन बना रहे।
आयोजक योगेश अग्रवाल ने बताया कि आयोजन की विशालता को देखते हुए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। इनमें सफाई समिति, पार्किंग समिति, भोजन समिति, सुरक्षा समिति और स्वागत समिति प्रमुख रूप से शामिल हैं। सभी समितियां अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पत्रकार वार्ता में योगेश अग्रवाल, संजय चौधरी, राजेश अग्रवाल, सुभाष साहू, अशोक गुप्ता, राजीव अवस्थी, दीपक गुप्ता, विनोद पड़ुआ, सुब्रत घोष और नवीन लोढ़ा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राजधानी रायपुर में 8 से 14 जुलाई तक बूढ़ापारा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा में इस बार एक विशेष व्यवस्था लागू की गई है। आयोजन समिति के अनुसार, कथा पंडाल में प्रवेश से पहले प्रत्येक श्रद्धालु का तिलक किया जाएगा और बिना तिलक लगाए किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह व्यवस्था आयोजन की धार्मिक परंपरा, अनुशासन और श्रद्धा बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर करेंगे और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
