Advertisement Carousel

“न्याय नहीं मिला तो भाजपा को सत्ता में नहीं आने दूंगा” – डॉ. राजसिंह शेखावत VIDEO


रायपुर।
16 जून को पूर्व जनपद अध्यक्ष भारत उर्फ लाला सिंह, उनके सहयोगी नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की कथित तौर पर फॉर्च्यूनर वाहन को ट्रकों के बीच फंसाकर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाकर हत्या किए जाने के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद क्षेत्र में लगातार आक्रोश बना हुआ है और पुलिस जांच जारी है।


इसी मामले में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे करणी सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत ने प्रदेश सरकार और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कई बड़े बयान दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार अब तक हुई कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है और मामले की सीबीआई जांच चाहता है।


शेखावत ने घोषणा की कि करणी सेना जल्द ही एक विशाल श्रद्धांजलि सभा आयोजित करेगी। उन्होंने कहा, “मैं एक-एक क्षत्रिय के घर जाऊंगा, उन्हें न्याय की लड़ाई लड़ने की शपथ दिलाऊंगा। जब हम श्रद्धांजलि सभा में आएंगे तो किसी भी हद तक जाने से पीछे नहीं हटेंगे।”


उन्होंने दावा किया कि अभी भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस को शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।


राजनीतिक संदेश देते हुए शेखावत ने सरकार को खुली चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “अगर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो मैं भाजपा को सत्ता में नहीं आने दूंगा।” उन्होंने यह भी दोहराया कि पीड़ित परिवार की मांग के अनुरूप मामले की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच हो सके।


डॉ. शेखावत के इस बयान के बाद लाला सिंह हत्याकांड एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक बहस के केंद्र में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!