Advertisement Carousel

वाईआई रायपुर और आईटीएम यूनिवर्सिटी की पहल से उपरवारा की महिलाओं को मिला स्वरोजगार का नया रास्ता



10 दिवसीय टिफिन सर्विस उद्यमिता प्रशिक्षण का समापन, महिलाओं ने तैयार किए व्यंजन और बाजार में बेचकर बढ़ाया आत्मविश्वास


रायपुर। युवा (YI) रायपुर के एंटरप्रेन्योरशिप वर्टिकल एवं आईटीएम यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में उपरवारा गांव की स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं के लिए आयोजित 10 दिवसीय टिफिन सर्विस उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सफल महिला उद्यमी बनाना था।


प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बाजार की मांग के अनुरूप कॉन्टिनेंटल, चाइनीज़, आधुनिक भारतीय व्यंजन, स्नैक्स, रिफ्रेशमेंट्स, बेवरेजेस और मॉकटेल्स तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। मात्र दस दिनों में महिलाओं ने विभिन्न व्यंजन बनाना सीखा और उन्हें बाजार में बेचकर अपनी उद्यमशीलता की शुरुआत भी की। इस अनुभव से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और स्वरोजगार की दिशा में नया रास्ता खुला।


प्रशिक्षण के बाद महिलाओं ने स्वयं का टिफिन एवं फूड सर्विस व्यवसाय शुरू करने की इच्छा जताई और भविष्य में भी वाईआई रायपुर एवं आईटीएम यूनिवर्सिटी से मार्गदर्शन और सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।


कार्यक्रम की सफलता में प्रो वाइस चांसलर डॉ. लक्ष्मी मूर्ति, स्कूल ऑफ होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के प्राचार्य अनीश बनर्जी, शेफ ट्रेनर डॉ. अमेया जानी तथा जूनियर ट्रेनर वैष्णवी शिकदार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


समापन समारोह में वाईआई रायपुर के एंटरप्रेन्योरशिप वर्टिकल के चेयर पंकज सोमानी एवं को-चेयर कविता पसारी ने महिला उद्यमियों के लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया और भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


वाईआई रायपुर और आईटीएम यूनिवर्सिटी की यह पहल ग्रामीण महिलाओं के कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास साबित हुई है।

error: Content is protected !!