राजपुर/बलरामपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब सामरी विधायक उद्येश्वरी पैकरा मंच पर की गई बैठक व्यवस्था से नाराज हो गईं।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में मंच पर वरिष्ठ एवं कनिष्ठ जनप्रतिनिधियों की बैठक व्यवस्था को लेकर विधायक ने आपत्ति जताई। नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने मंच के सामने रखा नेमप्लेट हटाकर किनारे कर दिया। इस दौरान भाजपा संगठन के जिला महामंत्री एवं जिला कोषाध्यक्ष ने भी बैठक व्यवस्था पर असंतोष जताया।
विधायक उद्येश्वरी पैकरा ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने भविष्य में सरकारी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल एवं बैठक व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कुछ देर तक कार्यक्रम स्थल पर असहज माहौल बना रहा। बाद में अधिकारियों द्वारा व्यवस्था में सुधार किए जाने के बाद शाला प्रवेश उत्सव का कार्यक्रम आगे बढ़ा। घटना की चर्चा पूरे कार्यक्रम के दौरान होती रही।
