Advertisement Carousel

8 साल का इंतजार खत्म: 156 खिलाड़ियों को मिला उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा, सरकारी नौकरी का रास्ता साफ


रायपुर। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का करीब आठ साल लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। राज्य सरकार ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लंबित प्रकरणों का निराकरण करते हुए 20 खेलों के कुल 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही चयनित खिलाड़ियों के लिए खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरी का रास्ता भी साफ हो गया है।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। समिति ने पुनः परीक्षण समिति की रिपोर्ट, खिलाड़ियों के आवेदन, खेल उपलब्धियों और अन्य अभिलेखों की विस्तृत जांच के बाद अंतिम सूची को मंजूरी दी। इस प्रक्रिया के लिए कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें पात्रता मानकों के आधार पर 156 खिलाड़ियों का चयन किया गया।


उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बाद चयनित खिलाड़ियों को राज्य सरकार की नियमानुसार शासकीय सेवाओं में नियुक्ति का अवसर मिलेगा। सरकार जल्द ही सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों की सूची अधिसूचित करेगी, जिसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


यह मामला कई वर्षों से लंबित था। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी नहीं होने से खिलाड़ी लगातार चयन और नियुक्ति की मांग कर रहे थे। नई सरकार ने इस लंबित प्रक्रिया को पूरा कर खिलाड़ियों को बड़ी राहत दी है। इस फैसले से खेल जगत में खुशी का माहौल है और खिलाड़ियों को उम्मीद है कि अब उन्हें उनकी खेल उपलब्धियों का उचित सम्मान और रोजगार का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!