बाल आयोग, एसजेपीयू दुर्ग और चाइल्ड हेल्पलाइन की डेढ़ घंटे की त्वरित कार्रवाई, सभी बच्चे सुरक्षित
दुर्ग। बाल श्रम के लिए बस के माध्यम से ले जाए जा रहे 16 बच्चों को बाल आयोग और एसजेपीयू (स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट) दुर्ग के संयुक्त अभियान में सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया। एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन से सूचना मिलने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन, एसजेपीयू और संबंधित विभागों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महज डेढ़ घंटे के भीतर सभी बच्चों को सुरक्षित बचा लिया।
संयुक्त टीम ने ऑपरेशन के दौरान एक नियोक्ता को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चों को बाल श्रम के उद्देश्य से बस के जरिए ले जाया जा रहा था। समय रहते मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद सभी बच्चों को आवश्यक संरक्षण और काउंसिलिंग की प्रक्रिया के लिए संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द किया गया है। वहीं गिरफ्तार नियोक्ता के खिलाफ बाल श्रम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
