Advertisement Carousel

स्वास्थ्य मंत्री का महारानी अस्पताल में औचक निरीक्षण, 300 बिस्तर विस्तार और नई सुविधाओं के दिए निर्देश


जगदलपुर/रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को बस्तर अंचल के महारानी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल की 200 बिस्तरों की क्षमता बढ़ाकर 300 बिस्तरों की करने, भवन उन्नयन का प्रस्ताव तैयार करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


निरीक्षण के दौरान मंत्री ने डायलिसिस सेंटर और कैंसर यूनिट के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने, अस्पताल परिसर की अंदरूनी सड़कों की मरम्मत कराने और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आपातकालीन कक्ष, ओपीडी, ईसीजी यूनिट, ब्लड बैंक तथा अटल आरोग्य लैब का निरीक्षण किया। अटल आरोग्य लैब में सभी 134 प्रकार की जांच सुविधाएं जल्द शुरू करने और आवश्यक उपकरणों की शीघ्र स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।


स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को मानवीय संवेदनाओं के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।


डॉक्टर्स डे के अवसर पर मंत्री ने अस्पताल में केक काटकर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को शुभकामनाएं दीं तथा सभी से समर्पण और सेवा भाव के साथ मरीजों की सेवा करने का आह्वान किया।

error: Content is protected !!