दुर्ग। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हुई। हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की रायपुर शाखा के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (निवासी कर्मचारी नगर, दुर्ग) की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सिन्हा कार्यालयीन कार्य से रायपुर जाने के लिए ट्रेन क्रमांक 22845 पुणे–हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस में प्लेटफॉर्म नंबर-3 से सवार होने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच पटरी पर गिर पड़े।
हादसे में उनका दायां पैर कट गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया।
जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
