Advertisement Carousel

वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली की आड़ में 1.10 करोड़ से अधिक की ठगी का पर्दाफाश


तमनार पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, ठगी की रकम से खरीदी स्कॉर्पियो और बोलेरो जब्त


रायगढ़। रायगढ़ जिले की तमनार थाना पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में अब तक 10 से 15 लोगों से 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में अन्य पीड़ित भी लगातार सामने आ रहे हैं।


पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम पणिगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू, जो वाहन खरीदी-बिक्री का कारोबार करता है, ने पहले वाहन खरीदने-बेचने में निवेश और मुनाफे का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए। बाद में रकम वापस मांगने पर आरोपी ने जमीन बेचकर भुगतान करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने और रुपये ऐंठ लिए।


आरोपी ने अपनी भूमि खसरा नंबर 428/4, रकबा 0.049 हेक्टेयर का 14 अप्रैल 2026 को शिकायतकर्ताओं के साथ बिक्री का सौदा भी किया, लेकिन बाद में पता चला कि उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर दी गई थी। इस तरह आरोपी ने सद्दाम हुसैन से 22 लाख रुपये और सुरेश मानिकपुरी से 22 लाख 40 हजार रुपये, कुल 44 लाख 40 हजार रुपये नगद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से लेकर धोखाधड़ी की।


जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई अन्य लोगों से भी वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की। शिकायत के आधार पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।


थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है, जब्त कर ली गई है।


पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है। आरोपी के बैंक खातों, आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है। संभावना है कि ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या में आगे और बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!