Advertisement Carousel

बॉयलर ब्लास्ट से कार्बन फैक्ट्री में भीषण आग, 40 मजदूरों ने भागकर बचाई जान


कोरबा में तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू, जनहानि नहीं


कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार को एक कार्बन फैक्ट्री के बॉयलर में हुए जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में हुए धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते फैक्ट्री में मौजूद सभी मजदूर बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।


जानकारी के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री के भीतर करीब 30 से 40 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक बॉयलर में विस्फोट होने के बाद आग तेजी से फैल गई। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर जान बचाकर बाहर निकल आए।


घटना की सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की आठ गाड़ियों को लगाया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।


कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।


फिलहाल आग लगने और बॉयलर विस्फोट के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है। हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!