Advertisement Carousel

खेत में गिरी आकाशीय बिजली, धान रोपाई कर रहे तीन ग्रामीणों की मौत


कटघोरा के सलोरा गांव में दर्दनाक हादसा, खेत में मची अफरा-तफरी


कोरबा/कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित ग्राम सलोरा में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान रोपाई का कार्य कर रहे तीन ग्रामीणों की बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया, जबकि खेत में काम कर रहे अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए।


जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान रोपाई में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली खेत की मेड़ पर आ गिरी। बिजली गिरते ही खेत में अफरा-तफरी मच गई। इसकी चपेट में आने से बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले और श्याम साहू गंभीर रूप से झुलस गए।


घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा तैयार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


एक साथ तीन ग्रामीणों की मौत से छुरी और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बारिश और गरज-चमक के दौरान खेतों में काम करने वालों के लिए सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है।

error: Content is protected !!