मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से शिकायत, एसडीएम बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा | 30 जुलाई 2026
ग्राम पंचायत तुलसी (तहसील तिल्दा) में अवैध दुकान निर्माण और शासन को करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता श्रीमती सोमती जांगड़े ने कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को शिकायत सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम तुलसी और तिल्दा नगर पालिका के मुख्य मार्ग स्थित साईं मंदिर के पास खसरा नंबर 469/1 की करीब आधा एकड़ जमीन पर वर्ष 2024 में कथित रूप से 31 दुकानों का अवैध निर्माण कर उन्हें 11-11 लाख रुपये में बेचा गया था। उस समय तत्कालीन एसडीएम प्रकाश टंडन ने कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन दुकानों को ध्वस्त कराया था।
आरोप है कि बाद में उसी भूमि पर ग्राम पंचायत से प्रस्ताव पारित कराकर फिर 31 दुकानों का निर्माण कराया गया और प्रत्येक दुकान 13 लाख रुपये में बेची गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि पंचायत रिकॉर्ड में दुकानों की कीमत मात्र दो लाख रुपये दर्शाकर रसीद काटी गई, जबकि शेष राशि का गबन किया गया। साथ ही दुकान आवंटन में निर्धारित टेंडर प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेज भी मंत्री को सौंपे गए हैं। मामले पर तिल्दा एसडीएम ने कहा कि शिकायत आज ही उनके संज्ञान में आई है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
