Advertisement Carousel

अयोध्या दान पेटी चोरी के बाद बढ़ी सतर्कता, खजराना गणेश मंदिर में कड़ी सुरक्षा के बीच चढ़ावे की गिनती


इंदौर। अयोध्या के राम मंदिर की दान पेटी से चोरी की घटना के बाद देशभर के प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। इसी कड़ी में इंदौर के विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में दान पेटियों से प्राप्त चढ़ावे की साल की दूसरी गिनती कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जा रही है। इस बार पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है।


खजराना गणेश मंदिर में कुल 41 दान पेटियां हैं। पिछले चार दिनों से जारी गिनती के दौरान अब तक 30 पेटियां खोली जा चुकी हैं। इन पेटियों से करीब एक करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हो चुकी है। शेष पेटियों की गिनती पूरी होने में अभी 5 से 6 दिन और लगने की संभावना है। अंतिम गिनती के बाद ही कुल चढ़ावे की राशि सामने आएगी।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार गिनती के दौरान छोटे नोट, सिक्के और चिल्लर की अलग-अलग गिनती की जा रही है। पूरी प्रक्रिया के लिए जिला कोषालय, यूनियन बैंक और नगर निगम के कर्मचारियों समेत करीब 32 लोगों की टीम तैनात की गई है। दान पेटी खोलने से लेकर राशि की गिनती, पैकिंग और बैंक में जमा कराने तक हर चरण की निगरानी की जा रही है।


चार कैमरों से निगरानी, पांच गार्ड तैनात
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले की तुलना में और मजबूत किया गया है। गिनती स्थल पर चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। इसके अलावा दो गार्ड की जगह पांच गार्ड तैनात किए गए हैं। गिनती टीम के सदस्यों को मंदिर में प्रवेश से पहले जांच से गुजरना पड़ रहा है।


दान पेटियों से नकदी के अलावा सोना-चांदी और अन्य सामग्री भी प्राप्त हो रही है। कलेक्टर और निगमायुक्त स्तर से भी चढ़ावे की गिनती और राशि बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।


मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य घनश्याम शुक्ला ने बताया कि चढ़ावे की गिनती पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से की जा रही है। शेष दान पेटियों की गिनती पूरी होने के बाद कुल राशि और अन्य सामग्री का विस्तृत आंकड़ा सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!