स्थानीय युवकों ने जताया विरोध, पुलिस ने कार समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर शुरू की जांच
बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में मृत जानवरों की हड्डियां ले जा रही एक कार को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। स्थानीय युवकों ने बस स्टैंड में मारुति 800 कार को रोककर उसमें भरी हड्डियों को पकड़ लिया और गौ हड्डियां होने की आशंका जताते हुए विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और युवकों का गुस्सा भी देखने को मिला।
जानकारी के मुताबिक दो लोग अम्बिकापुर की ओर से कोरिया जिले की तरफ मारुति 800 कार में मृत जानवरों की हड्डियां लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बिश्रामपुर बस स्टैंड में मौजूद कुछ युवकों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने वाहन को रोककर जांच की। कार में भारी मात्रा में हड्डियां मिलने पर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों लोगों को थाने ले गई। पुलिस ने कार और उसमें रखी हड्डियों को जब्त कर लिया है। मामले में पूछताछ जारी है।
एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि कार और हड्डियों को जब्त कर लिया गया है तथा दोनों लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच और परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हड्डियां किस जानवर की हैं।
