Advertisement Carousel

विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की होगी अहम भूमिका: CM साय, ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर देता है। उन्होंने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर, वीर सावरकर सहित छत्तीसगढ़ के जननायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बस्तर में शांति के साथ विकास की नई सुबह

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता मिली है। बस्तर में अब भय और हिंसा की जगह शांति, विश्वास और विकास ने ले ली है। उन्होंने कहा कि बस्तर के नवनिर्माण का यह स्वर्णिम समय है।

‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के माध्यम से 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाने की बात मुख्यमंत्री ने कही। नक्सल हिंसा के कारण बंद स्कूलों को फिर शुरू किया गया है और 36 नए स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।

‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। करीब 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4,824 करोड़ रुपए की आजीविका उन्नयन योजना तैयार की गई है। सुरक्षा कैंपों को सेवा और विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

किसानों, महिलाओं और गरीबों पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसल लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मंजूरी दी गई है। सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

आवास योजना के तहत अब तक 24.50 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं। वहीं 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 19,444 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए गए हैं। प्रदेश में 13.85 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

युवाओं के लिए रोजगार और एआई पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल, खेल और नवाचार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है, जबकि शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 और बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एग्जाम’ योजना शुरू की जाएगी। छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।

राज्य के 500 करोड़ रुपए के एआई मिशन के तहत 100 एआई डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख सरकारी कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

निवेश और रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के तहत अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे करीब 1.74 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में देश का पहला एआई एसईजेड विकसित किया जा रहा है। रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग-भिलाई को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन का गठन किया गया है।

‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की घोषणा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।

खेल, पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ शुरू करने की घोषणा की। राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नत करने और 30 लाख रुपए सम्मान राशि देने का निर्णय लिया गया है। 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए भी शासकीय सेवा के द्वार खोले गए हैं।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करते हुए टेंट सिटी बनाई जाएगी। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ और लोककला के संरक्षण के लिए ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने की घोषणा की गई।

सुशासन और कनेक्टिविटी को नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से 80 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया गया है। ‘सेवा सेतु पोर्टल’ पर 700 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। प्रदेश में नौ नए साइबर पुलिस थाने बनाए गए हैं और डायल-112 सेवा पूरे राज्य में लागू की गई है।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में ढाई वर्षों में 829 मोबाइल टावर लगाए गए हैं। भारतनेट 3.0 के माध्यम से 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना से विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!