Advertisement Carousel

भाजपा सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने संभाला पदभार

नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। उनके साथ नवनियुक्त राष्ट्रीय सह-संयोजक प्रीति गांधी, शिवानन्द द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव ने भी कार्यभार संभाला।

पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के मौजूदा दौर में भाजपा की नीतियों, केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

इस अवसर पर दीपक म्हस्के ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने निवर्तमान सोशल मीडिया संयोजक अमित मालवीय के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके वर्षों के परिश्रम और नेतृत्व से भाजपा की डिजिटल उपस्थिति को मजबूत आधार और नई पहचान मिली है।

म्हस्के ने कहा कि नई तकनीक और डिजिटल माध्यमों के साथ बदलती संवाद शैली को अपनाते हुए पार्टी के विचारों, सरकार के कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक और प्रभावी ढंग से पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने संगठन की ओर से मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, समर्पण और परिश्रम के साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मार्गदर्शन एवं सहयोग की अपेक्षा जताई।

error: Content is protected !!