15 टीमों ने 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के साथ एक साथ की कार्रवाई, दस्तावेजों से लेकर CCTV तक खंगाले
रायपुर। शहर में संचालित स्पा सेंटरों पर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 30 स्पा सेंटरों में सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस की 15 टीमों ने 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों के साथ तीनों जोन में पहुंचकर स्पा सेंटरों की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने पर संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों की जांच की।

रजिस्टर से लेकर CCTV तक की पड़ताल
जांच के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग, स्टाफ रजिस्टर, कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेज और संचालक, मैनेजर एवं कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन की जानकारी खंगाली। इसके साथ ही लीज, किराया और स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों तथा सेंटर संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियों की भी जांच की गई।
पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में किसी भी तरह की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि की संभावना को लेकर भी जांच की। परिसर की व्यवस्था और वहां मौजूद गतिविधियों का निरीक्षण किया गया।

एलिना और ला थाई स्पा सेंटर में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं
जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र के एलिना स्पा सेंटर तथा पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
