Advertisement Carousel

मोदी के 25 साल: सेवा, सुशासन और संकल्प की यात्रा का जश्न, 17 सितंबर से छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा सामान्य परिवार से निकले व्यक्ति के असाधारण पुरुषार्थ, सेवा, सुशासन, संकल्प और परिणामों की यात्रा है। उनके नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान उन करोड़ों परिवारों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति धन्यवाद की अभिव्यक्ति है, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण से लेकर किसान, महिला, जनजातीय समाज और बुनियादी सुविधाओं तक मोदी सरकार ने बड़े स्तर पर काम किया है।

साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 25.51 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 11,277 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। उज्ज्वला योजना से करीब 39.54 लाख महिलाओं को लाभ मिला है, जबकि 41.50 लाख ग्रामीण परिवारों तक नल से पानी पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में रोजाना करीब 1600 आवास बनाए जा रहे हैं।

बस्तर में लाल आतंक का सूर्यास्त, शांति का नया सूर्योदय

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा मजबूत हुई है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर तक देश ने मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति देखी है। उन्होंने कहा कि बस्तर में भी नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का परिणाम सामने है। बस्तर के घने जंगलों से लाल आतंक का सूर्यास्त हो चुका है और शांति का नया सूर्योदय हुआ है।

17 सितंबर को घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

साय ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन की शाम 7 बजे छत्तीसगढ़ में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। प्रदेशवासियों से अपने घरों में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देने की अपील की गई है। अभियान में करीब 25 हजार शिक्षण संस्थानों और 50 लाख विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, आंगन मिलन, सेवा शिविर, रंगोली, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, नवाचार चैलेंज और ‘सेवा संकल्प यात्रा’ जैसे कार्यक्रम होंगे। ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के तहत ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाकर हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है। यह अभियान बूथ स्तर तक पहुंचकर उन लोगों से संवाद करने का अवसर है, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं से बदलाव आया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं और विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मजबूत करें।

प्रेसवार्ता में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू और प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!