Advertisement Carousel

मंडी बोर्ड में संविदा नियुक्ति पर संग्राम, 28 को गरजेगा स्वाभिमान मंच

मंच के कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यालय में प्रदर्शन का ऐलान, नारा—‘संविदा हटाना है, मंडी बोर्ड बचाना है’

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य मंडी बोर्ड में संविदा नियुक्ति का मुद्दा अब विरोध-प्रदर्शन तक पहुंच गया है। मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक महेंद्र सिंह सवन्नी की संविदा नियुक्ति को लेकर छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच ने मोर्चा खोलते हुए 28 सितंबर 2026 को मंडी बोर्ड मुख्यालय में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संगठन ने इसे मंडी बोर्ड की व्यवस्था और कर्मचारियों के हितों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार से संविदा व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग की है।

मंच की ओर से मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, रायपुर कलेक्टर, कृषि उत्पादन आयुक्त, मंडी बोर्ड प्रबंधन सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को प्रदर्शन की सूचना दी गई है। पत्र के मुताबिक प्रदर्शन 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे मंडी बोर्ड मुख्यालय में होगा।

पांचवीं बार संविदा नियुक्ति पर सवाल

मंच ने मंडी बोर्ड के एमडी की पांचवीं बार संविदा नियुक्ति को लेकर सवाल खड़े किए हैं। संगठन का तर्क है कि लंबे समय तक संविदा नियुक्ति जारी रखने के बजाय मंडी बोर्ड की संस्थागत व्यवस्था और नियमित कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

विरोध कर रहे संगठन का कहना है कि यदि मंडी बोर्ड में नियमित व्यवस्था और अनुभवी कर्मचारियों की मौजूदगी है, तो बार-बार संविदा नियुक्ति की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? इसी सवाल को लेकर अब संगठन सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है।

मंच ने अपने आंदोलन का नारा भी तय कर दिया है—“संविदा हटाना है, मंडी बोर्ड बचाना है।”

अब 28 सितंबर को होने वाला प्रदर्शन सिर्फ संविदा नियुक्ति के विरोध तक सीमित रहता है या यह मंडी बोर्ड की कार्यप्रणाली और नियुक्ति व्यवस्था को लेकर बड़े सवाल खड़े करता है, इस पर सबकी नजर रहेगी। वहीं, सरकार और मंडी बोर्ड प्रबंधन की ओर से संगठन के आरोपों और मांगों पर क्या जवाब दिया जाता है, यह भी महत्वपूर्ण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!