रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि 26 सितंबर को प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश रहेगा।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में हो रही भारी बारिश को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही रखें और मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें।
मुख्यमंत्री ने आम लोगों से भी अनावश्यक यात्रा से बचने और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में स्कूली बच्चों को किसी तरह की परेशानी या जोखिम से बचाने के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को अवकाश संबंधी निर्देशों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों के बंद रहने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बारिश के दौरान आवागमन के जोखिम से राहत मिलेगी।
