रायपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी गत 26 फरवरी लाभार्थियों संपर्क अभियान में चला रही है। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ के 40 लाख लाभार्थियों के घर-घर जाकर मोदी का संदेश देंगे। इसकी जानकारी देते हुए प्रदेश भाजपा के महामंत्री और लाभार्थी सम्पर्क अभियान के प्रदेश संयोजक रामजी भारती ने पत्रकार वार्ता में कहा है कि 26 फरवरी से जारी लाभार्थी सम्पर्क अभियान को सार्थक व सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल हमारे 1.80 लाख कार्यकर्ता लाभार्थियों तक पीएम मोदी का पत्र, स्टीकर और केंद्र सरकार की योजनाओं का पत्रक पहुँचाएंगे।
उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता इन लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश देंगे और उनसे यह जानेंगे कि केंद्र सरकार की लाभकारी योजनाएँ उन्हें कैसी लगी? घर-घर सम्पर्क करने के दौरान फोटोग्राफी करके उसे नमो एप पर अपलोड किया जाएगा और अनुभव साझा किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में ऐसे 40 लाख लाभार्थियों का डाटा हमारे पास उपलब्ध है। इन 40 लाख लाभार्थियों से सम्पर्क का अभियान प्रदेशभर में जारी है।
इस पूरे अभियान की सतत मॉनीटरिंग हो रही है। आगामी दिनों में इस लाभार्थी सम्पर्क अभियान में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और लोकसभा प्रत्याशी भी बूथ स्तर तक पहुँचेंगे। पार्टी के सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी-कार्यकर्ता भी इस सम्पर्क अभियान में अपनी सहभागिता निभाएंगे। पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, अभियान के प्रदेश सह संयोजक हरपाल भाम्बरा भी मौजूद थे।
