रायपुर।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में सियासी भूचाल आ गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने खड़गे के बयान को “महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी का घोर अपमान” करार देते हुए कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की आदिवासी और महिला विरोधी सोच का प्रमाण है। श्री देव ने कांग्रेस से माफी की मांग करते हुए सवाल उठाया — “क्या खड़गे जी लिखित में क्षमा मांगेंगे? क्या कांग्रेस उन्हें अध्यक्ष पद से हटाएगी?”
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर कोई आदिवासी महिला अपनी मेहनत और कर्मठता से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचती है तो कांग्रेस के नेताओं को सबसे अधिक ईर्ष्या होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि जब भी कोई दलित या आदिवासी राष्ट्रपति बना है, उसे अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया गया है।
‘राष्ट्रपति मुरमा’ कहना अपमानजनक – श्री देव
किरण सिंह देव ने आरोप लगाया कि खड़गे जी ने ‘द्रौपदी मुर्मू’ या ‘माननीय राष्ट्रपति’ कहने के बजाय ‘मुरमा जी’ शब्द का उपयोग किया, जो कि अपमानजनक और अशोभनीय है। यही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही थीं।
“राहुल गांधी के इशारे पर खड़गे कर रहे बयानबाज़ी”
भाजपा अध्यक्ष ने पूछा कि क्या खड़गे राहुल गांधी के इशारे पर ऐसा बयान दे रहे हैं? उन्होंने कांग्रेस पार्टी से पूछा कि क्या संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान ही उनकी राजनीति का आधार बन चुका है?
कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों की भी याद दिलाई
किरण सिंह देव ने कांग्रेस के कई नेताओं के पुराने बयानों का ज़िक्र करते हुए कहा कि —
- अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहा।
- उदित राज ने कहा था “ऐसी राष्ट्रपति किसी देश को न मिले”।
- अजय कुमार ने राष्ट्रपति मुर्मू को बताया “ईविल माइंडसेट”।
उन्होंने कहा कि यह कोई जुबान फिसलने की बात नहीं, बल्कि कांग्रेस की सोच का प्रतिबिंब है।
रॉबर्ट वाड्रा, गांधी परिवार और भूमि विवाद का भी जिक्र
श्री देव ने कहा कि कांग्रेस भूमाफिया शब्द का इस्तेमाल राष्ट्रपति के लिए करती है, जबकि रॉबर्ट वाड्रा पर खुद जमीन घोटालों के गंभीर आरोप हैं। उन्होंने इसे नकली गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए जोड़ा।
“खड़गे खुद पिछड़े वर्ग से हैं, फिर भी आदिवासी महिला का अपमान क्यों?”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खड़गे खुद पिछड़े वर्ग से आते हैं, फिर भी वह अपने ही जैसे समाज से आने वाली महिला का सम्मान नहीं कर पा रहे। उन्होंने कांग्रेस की जातिगत और सामंती सोच पर सवाल उठाए।
