बस्तर में वंदे भारत, जनशताब्दी सहित नई रेल सेवाओं की मांग—स्वीकृत परियोजनाओं में तेजी पर भी जोर
जगदलपुर। बस्तर की रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने और जनजातीय बहुल क्षेत्रों को देश की मुख्यधारा से बेहतर रूप से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर सांसद महेश कश्यप ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक के दौरान सांसद कश्यप ने बस्तर के लिए वंदे भारत, जनशताब्दी सहित नई ट्रेनों के संचालन तथा स्वीकृत रेल परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
सांसद ने रेल मंत्री के समक्ष बस्तर की जनता की वर्षों से लंबित मांगों को रखते हुए वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत, जनशताब्दी सेवा, चार स्वीकृत नई रेल लाइनों, रावघाट से जगदलपुर लाइन की शीघ्र पूर्णता तथा कोरापुट–मलकानगिरी–भद्राचलम रेललाइन को सुकमा से जोड़ने की आवश्यकता पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बस्तर की व्यापक रेल परियोजनाओं को “जनजाति गौरव बस्तर कॉरिडोर” के रूप में घोषित किए जाने की भी मांग रखी।
सांसद ने रखीं प्रमुख मांगें
- जगदलपुर–विशाखापट्टनम वंदे भारत ट्रेन
सांसद कश्यप ने बताया कि जगदलपुर बस्तर संभाग का मुख्यालय होने के साथ-साथ औद्योगिक और पर्यटन दृष्टि से तेजी से विकसित हो रहा है। नगरनार में नवरत्न स्टील प्लांट की सक्रियता से यह क्षेत्र औद्योगिक रूप से और भी महत्वपूर्ण बन गया है। विशाखापट्टनम बस्तर का प्रमुख सहयोगी शहर है, जहां व्यापार, स्वास्थ्य व पर्यटन के लिए बड़ी संख्या में लोग आते–जाते हैं। इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन शुरू होने से यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और तेज सुविधा मिलेगी। - जगदलपुर–भुवनेश्वर वंदे भारत ट्रेन
भुवनेश्वर धार्मिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है। बस्तर से प्रतिवर्ष हजारों यात्री जगन्नाथ धाम के दर्शन के लिए यात्रा करते हैं। वर्तमान में यह यात्रा लगभग 16 घंटे लेती है। वंदे भारत संचालन से यह समय 7–8 घंटे में सिमट जाएगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। - जगदलपुर–राउरकेला वंदे भारत ट्रेन
राउरकेला के लिए मौजूदा रेल विकल्प सीमित और समयसाध्य हैं। इस मार्ग पर वंदे भारत चलने से छात्रों, व्यवसायियों और आम यात्रियों को तेज कनेक्टिविटी का बड़ा लाभ मिलेगा। - जगदलपुर–रायगढ़ जन शताब्दी ट्रेन
छत्तीसगढ़ के दो प्रमुख शहरों—जगदलपुर और रायगढ़—को जन शताब्दी से जोड़ने की मांग भी सांसद ने रखी। उन्होंने कहा कि इस सेवा से व्यापार, उद्योग, चिकित्सा, शिक्षा और पर्यटन के नए अवसर बढ़ेंगे तथा राज्य के भीतर कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
“बस्तर का सर्वांगीण विकास हमारा संकल्प”—सांसद कश्यप
सांसद महेश कश्यप ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के सहयोग से पहली बार बस्तर को यात्री सुविधाओं और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक सौगात मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि वंदे भारत और जनशताब्दी ट्रेनों की मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय होगा।
उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के शुरू होने से बस्तर के विकास में गुणात्मक और व्यापक बदलाव दिखाई देगा।
