रायपुर, 05 फरवरी 2026/
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) 24 फरवरी 2026 को राज्य चुनाव आयुक्तों (State Election Commissioners – SECs) के राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा। यह सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा, जिसमें देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्य चुनाव आयुक्तों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
यह सम्मेलन विशेष रूप से ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि 25 से अधिक वर्षों के अंतराल के बाद इसका आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले ऐसा राष्ट्रीय सम्मेलन वर्ष 1999 में हुआ था।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे तथा उद्घाटन सत्र में राज्य चुनाव आयुक्तों को संबोधित करेंगे।
सम्मेलन में राज्य चुनाव आयुक्त अपने कानूनी एवं तकनीकी विशेषज्ञों के साथ भाग लेंगे और अपने अनुभव व सुझाव साझा करेंगे। इसके साथ ही सभी 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEOs) भी इसमें शामिल होंगे।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य भारत निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयोगों के बीच उनके संवैधानिक व कानूनी दायरे में चुनावी प्रक्रियाओं, प्रबंधन और रसद व्यवस्था (लॉजिस्टिक्स) को लेकर बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
चर्चा सत्रों में मतदाता पात्रता से जुड़े चुनावी कानूनों, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किए गए तकनीकी नवाचारों — जैसे हाल ही में लॉन्च किया गया ECINET डिजिटल प्लेटफॉर्म, ईवीएम सहित अन्य आधुनिक व्यवस्थाओं — पर गहन विमर्श किया जाएगा।
भारत निर्वाचन आयोग संविधान एवं देश के कानूनी ढांचे के अनुरूप मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव संचालन के अपने व्यापक अनुभव साझा करेगा, जिससे राज्य चुनाव आयोगों को भी अपने कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य चुनाव आयोगों का गठन 73वें और 74वें संविधान संशोधनों के तहत राज्यों के संबंधित कानूनों के अनुसार किया गया है। पंचायतों एवं नगर निकायों के सभी चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव के संचालन का अधीक्षण, निर्देशन एवं नियंत्रण राज्य चुनाव आयोगों के अधिकार क्षेत्र में आता है।
