रायपुर। सेंट्रल जोन में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए शटर गिराकर चोरी-छिपे चल रही संदिग्ध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 3 दुकानदारों समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डीसीपी सेंट्रल जोन के सख्त निर्देश पर एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल और थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सतीश सिंह अहिरवार के नेतृत्व में बैजनाथपारा क्षेत्र में रात गश्त के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने पाया कि निर्धारित समय के बाद भी कुछ दुकानदार शटर गिराकर अंदर से सामान की अवैध बिक्री कर रहे थे, जबकि अन्य लोग बाहर संदिग्ध लेन-देन में लिप्त थे।
घेराबंदी कर मौके से सभी को पकड़ा गया। थाना सिटी कोतवाली में इस्तगासा क्रमांक 32/32/2026 के तहत धारा 170, 126, 135(3) BNSS में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
रमीज रज़ा (30) – बैजनाथपारा चौक, रायपुर
केशव देवांगन (24) – बंजारी नगर, रायपुर
वासु राजपूत (20) – नेहरू नगर, रायपुर
सैय्यद मदिनी (21) – सुभाष नगर, दुर्ग
फरहान खान (20) – शास्त्री मार्केट, रायपुर
मोह. इम्तियाज (36) – बैजनाथपारा चौक, रायपुर
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रात के समय नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
