Advertisement Carousel

रायपुर में चाकूबाजी से हड़कंप: पुरानी रंजिश में दो पर प्राणघातक हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार


रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। तालाब पार बीटीएस चौक के पास आरोपियों ने दो युवकों पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे आरोपी रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल, अभय रक्सेल और जय रक्सेल ने मिलकर मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।


घटना की सूचना मिलते ही मौदहापारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास और बलवा की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल और अभय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जय रक्सेल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।


घटना के बाद मरही माता मंदिर के सामने कुछ लोगों द्वारा पथराव किया गया, वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने तलवार लहराकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।


पुलिस ने चेतावनी दी है कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले और घटना में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!