तरणताल बंद होने के कारण नदी में नहाने गए थे तीनों, एक हफ्ते में दूसरा बड़ा हादसा
अंबिकापुर। मेंड्राकला स्थित खर्रा नदी में नहाने गए तीन युवकों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान अमन कुमार (19 वर्ष) पिता अमला कुमार और उज्जवल दीप भराती (17 वर्ष) पिता कृष्णा प्रसाद भराती, निवासी मायापुर चांदनी चौक के रूप में हुई है।
घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। वहीं जरहागढ़ निवासी समर्थ सोनी (17 वर्ष) पिता विनय सोनी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, तरणताल बंद होने के कारण तीनों युवक नहाने के लिए खर्रा नदी पहुंचे थे, जहां यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर खर्रा नदी में यह दूसरा बड़ा हादसा है, जिससे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है।
