रायपुर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों में मिली चुनावी सफलता को वैचारिक जीत बताते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य भारत को वैभवपूर्ण, विकसित और आर्थिक रूप से समृद्ध राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि समरस समाज का निर्माण और 140 करोड़ देशवासियों में सांस्कृतिक गौरव की भावना स्थापित करना भाजपा की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर संगठन के जनाधार को लगातार बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में पार्टी की जीत पर प्रवासी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के मार्गदर्शन में नक्सल उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि “नियद नेल्लानार योजना” के माध्यम से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “मोदी की गारंटी” के तहत किए गए वादों को पूरा कर सरकार ने जनता का विश्वास अर्जित किया है।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जीत ऐतिहासिक रही है और विश्व स्तर पर इसकी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और केरल में भी भाजपा की ताकत बढ़ी है। उन्होंने विधानसभा, लोकसभा, पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 365 दिन सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा कर जनविश्वास मजबूत किया है।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने संगठनात्मक प्रशिक्षण और कार्यकर्ता विकास पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली शक्ति हैं। उन्होंने आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों को अनुशासित, प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने की बात कही।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदेश सरकार प्रभावी रूप से लागू कर रही है।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सतत प्रवास, निगरानी और चुनावी तैयारी पर जोर दिया।
बैठक में शोक प्रस्ताव प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने प्रस्तुत किया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा और महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सल उन्मूलन प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन मंत्री केदार कश्यप और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का संचालन प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और द्वितीय सत्र का संचालन यशवंत जैन ने किया। आभार प्रदर्शन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने किया।
