Advertisement Carousel

कमान संभालते ही संगीता सिन्हा का हुंकार, कई मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा


रायपुर, 15 मई। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस को नया नेतृत्व मिल गया है। विधायक संगीता सिन्हा ने शुक्रवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में महिला कांग्रेस की कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और महिला आरक्षण को लेकर जमकर हमला बोला।


कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, ताम्रध्वज साहू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। संगीता सिन्हा ने फूलोदेवी नेताम से औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में महंगाई चरम पर है, गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया।


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सड़क पर उतरकर आंदोलन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले भाजपा नेता गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन करते थे, अब महिला कांग्रेस को बढ़ती महंगाई के खिलाफ उसी तरह संघर्ष करना होगा।


नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि महिला कांग्रेस को महिला आरक्षण, महंगाई और जनहित के मुद्दों पर जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करना चाहिए।


कार्यक्रम में संगीता सिन्हा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि महिला कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी और 2028 में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!