प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और कर्मचारियों के योगदान की सराहना, कैशलेस इलाज व बीमा सुविधाओं का भी ऐलान
रायपुर। राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एनएचएम कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने का ऐलान किया। घोषणा के बाद कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की “रीढ़ की हड्डी” हैं और दूरस्थ व दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना मानवता की मिसाल पेश की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में संचालित “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” के तहत अब तक लगभग 90 प्रतिशत आबादी की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। नए मेडिकल कॉलेज, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती से स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत हुई है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके सहयोग से विकसित एवं स्वस्थ छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि जशपुर से सुकमा तक स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में एनएचएम कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की कई मांगें पूरी कर दी गई हैं और स्थानांतरण नीति भी लागू कर दी गई है। साथ ही, अब एनएचएम कर्मियों को कैशलेस उपचार योजना का लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एनएचएम कर्मचारियों के लिए जीवन बीमा सुविधा भी लागू की गई है, जिसके तहत सामान्य मृत्यु पर 6 लाख रुपये, दुर्घटना में मृत्यु अथवा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 1.40 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में लगातार कमी आ रही है और इसके लिए 116 नए विशेषीकृत स्वास्थ्य केंद्रों के लिए स्थानों का चयन किया जा चुका है।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, एनएचएम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
